जगप्रभा

जगप्रभा
मेरे द्वारा अनूदित/स्वरचित पुस्तकों की मेरी वेबसाइट

बुधवार, 27 अप्रैल 2022

268. कुछ नुस्खे (गर्मियों वाले)

 

       इन गर्मियों में मेरे द्वारा आजमाये जाने वाले कुछ नुस्खे इस प्रकार से हैं (ये सारे नुस्खे 'पर्यावरण-मित्रता' वाले हैं)-

 


       ठण्डा पानी। नीचे मिट्टी का घड़ा है और ऊपर 'कैण्डल' वाला फिल्टर। फिल्टर से साफ पानी घड़े में टपकता है और मिट्टी के घड़े में ठण्डा पानी रहता है। ज्यादा शुद्ध पानी चाहिए, तो मटके में ताम्बे की एक छोटी-सी लुटिया डुबाकर रखी जा सकती है। यह भी हमने किया था कभी, बेशक अभी यह किया हुआ नहीं है।

 


ठण्डा बिस्तर। यह खजूर के पत्तों की चटाई है। इससे बेहतर- बल्कि बेहतरीन- चटाई होती है बेंत के छिलकों से बनी चटाई, पर वह हमारे इलाके में मिलती नहीं है। (एक बार मिली थी।) रात सोने से पहले इसे पानी में भिंगोकर बिस्तर पर बिछा दिया जाता है। फिर इस पर सोने में आराम मिलता है। (हाँ, सिरहाने पर DC Fan है, यानि बैटरी से चलने वाला पंखा और बैटरी को- बिना बिजली के- सोलर-प्लेट से भी चार्ज किया जा सकता है- सब जानते ही हैं।)

 


कामचलाऊ बाथटब। बाथरूम को पहले ही हमने बड़े आकार का बनवाया था। उसके एक कोने में एक पक्का हौज बनवा लिया। अब गर्मियों में यह बाथटब का काम देता है। अभी इसकी जो डिजाइन है, उसके चलते इसमें ज्यादा पानी आता है। इसमें कुछ मॉडिफिकेशन करना है- राजमिस्त्री को समझा दिया गया है। तब इसमें जरा कम पानी आयेगा।

 


उपवन नहीं वन। घर के आस-पास सजावटी उपवन बनाने के बजाय हमने छोटे-छोटे वन ही उगने दिये हैं। इससे उन स्थानों का तापमान- गर्मियों में- जरा कम रहता है और थोड़ी-सी राहत मिलती है। बेशक, थोड़ी-सी जगह बैंगन-टमाटर-भिण्डी आदि के लिए भी है- लेकिन दिक्कत यह है कि हमें बागवानी का शौक नहीं है।

 



छत पर छाँव। एक छोटी छत के ऊपर अस्बेस्टस की छावनी डाल दी गयी है, ताकि गर्मियों में छत ज्यादा गर्म न हो। मुख्य छत के ऊपर क्या बनेगा- इसका अन्तिम निर्णय अभी हुआ नहीं है, इसलिए फिलहाल इसे गर्मी से बचाने के लिए इस पर थर्मोकोल की शीट डाल दी गयी है। (आठ शीट कम पड़ गयी हैं- कभी डाल देंगे।)

 


 धूप से खाना पकाना। जब गर्मियों में धूप तेज होती है, तो क्यों न इस तेज धूप का उपयोग खाना पकाने में किया जाय? यानि "सोलर कुकर" का इस्तेमाल किया जा रहा है खाना पकाने के लिए।

***

2 टिप्‍पणियां:

  1. वाह!! रोचक टिप्स हैं। खजूर के पत्तों की चटाई के विषय में ज्ञात नहीं था। वैसे मैंने सुना है कमरों को ठंडा रखने वाले पौधे भी आते हैं। क्या आपको उनके विषय में कोई जानकारी है??

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. जी, यह मेरे लिए भी नयी जानकारी है। अभी सर्च करके देखा- सही में कमरों को ठण्डा रखने वाले पौधों का जिक्र उपलब्ध है । इन पौधों में से सिर्फ एक ऐलोवेरा को हम जान रहे हैं और वह है भी हमारे घर में। कई नये पौधे भी उग आये हैं उसके। उन्हें छोटे गमलों में लगाकर खिड़कियों / बालकनी में रखने की कोशिश करेंगे- इस बरसात में।

      हटाएं